3.60 करोड़ से लहलहाएगी काश्तकारों की फसल
-- नाबार्ड ने ऋषिकेश, डोईवाला में नहरों और भू-कटाव से सुरक्षा कार्य को दी मंजूरी
-- पहली किश्त में 1.20 करोड़ की राशि मिली
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
क्षतिग्रस्त नहरों और गूलों के कारण बंजर हो रही भूमि अब दोबारा लहलहाने की संभावना है। देर ही सही सरकार को किसानों की याद आ गई है। नाबार्ड ने ऋषिकेश और डोईवाला में नहरों और गूलों की मरम्मत करने के लिए 3.60 करोड़ मंजूर किए हैं, इसमें पहली किश्त 1 करोड़ 20 लाख की मिलेगी। क्षेत्र में वर्षों से क्षतिग्रस्त नहरों, गूलों से सिंचाई करने को मजबूर व जाखन नदी से भू-कटाव की मार झेल रहे किसानों और काश्तकारों की भूमि धीरे-धीरे बंजर होने लगी है।
सिंचाई उपखंड ऋषिकेश की ओर से खैरीखुर्द, खैरीकलां, ठाकुरपुर, साबहनगर आदि क्षेत्रों में नहरों के निर्माण व जीर्णोंद्धार के तीन प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे। वर्षों से प्रस्तावित योजना काफी समय से लंबित थी। इसके बाद विभाग ने तीनों प्रस्तावों को नाबार्ड को भेजा। सिंचाई सब डिवीजन के सहायक अभियंता प्रथम ने बताया कि नाबार्ड से तीनों प्रस्तावों के लिए तीन करोड़ 60 लाख 12 हजार रुपये की मंजूरी दी है। जिसमें से एक करोड़, 20 लाख विभाग को पहली किस्त के रूप में प्राप्त हो गई है।
कहां किस काम पर कितने होंगे खर्च
- 132.42 लाख से डोईवाला विकासखंड अंतर्गत खैरीखुर्द, खैरीकलां, खैरी फीडर, ठाकुरपुर में नहरों का नवनिर्माण व जीर्णोंद्घार आदि कार्य।
- 102.93 लाख से डोईवाला में अपर साहबनगर, लोअर साहबनगर, साहबनगर डांडी, चकजोगीवाला में नहरों का निर्माण व जीर्णोंद्घार कार्य।
- 124.77 लाख से डोईवाला क्षेत्र में जाखन नदी से होने वाले भू-कटाव से सुरक्षा को लोअर साहबनगर के शीर्ष भाग पर सुरक्षात्मक कार्य।
कोट्स
पिछले पांच साल में मेरे क्षेत्र की उपेक्षा की गई। लेकिन अब सरकार हमारी है। क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा, नहरों, सड़कों आदि के अधूरे काम जल्द पूरे कर लिए जाएंगे। अन्य लंबित प्रस्तावों को भी जल्द स्वीकृत करा लिया जाएगा।
प्रेमचंद अग्रवाल, क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष
कोट्स
नहरों के निर्माण व जीर्णोंद्घार के लिए बजट की मंजूरी मिलने से निश्चित ही किसानों के जीवन में बदलाव आएगा। किसानों को खेती के लिए भरपूर पानी मिल पाएगा।
देवेंद्र नेगी, जिला पंचायत सदस्य
सिंचाई खंड ऋषिकेश की ओर से क्षेत्र में खस्ताहाल हो चुकी सिंचाई नहरों के निर्माण व जीर्णोंद्घार को प्रस्ताव भेजे गए थे। तीन प्रस्ताव के अनुुरूप बजट की स्वीकृति मिल गई है। विभागीय कार्यवाही और टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द प्रस्ताव के अनुरूप कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
- पीएल नौटियाल, सहायक अभियंता सिंचाई खंड ऋषिकेश।