कर्णप्रयाग/गौचर। शुक्रवार को कर्णप्रयाग और गौचर में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से स्कूली छात्र-छात्राओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ रैली निकालकर जन-जागरूकता का संदेश दिया। कर्णप्रयाग में जीआईसी और जीजीआईसी के छात्र-छात्राओं ने तहसील परिसर से पंचपुलिया तक रैली निकालकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया। इस मौके पर जीजीआईसी की शिक्षिका निमिलिता नेगी, अर्चना कोठियाल, अरुणा किमोठी और कमला कुनियाल सहित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। गौचर में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में शिक्षाप्रद संदेशों के माध्यम से नगर में रैली निकालकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का आह्वान किया। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख राधा देवी, बीना भंडारी, राजेश्वरी नेगी और भगवती रावत आदि मौजूद थे।