डोईवाला में आधार कार्ड बनने का काम ठप
-- तकनीकी खराबी आना बताया जा रहा है मुख्य कारण
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। आधार कार्ड बनाने के लिए डोईवाला तहसील में बनाया गया आधार पंजीकरण केंद्र में आधार कार्ड बनने बंद हो गए हैं। ऐसे में आधार कार्ड बनवाने वाले लोगों के लिए परेशानी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री की विधानसभा डोईवाला तहसील परिक्षेत्र के एकमात्र आधार पंजीकरण केंद्र पर मंगलवार से आधार कार्ड का पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। डोईवाला तहसील में पिछले 28 दिसंबर से आधार कार्ड केंद्र शुरू हुआ था, जहां से लोगों को आधार पंजीकरण संख्या मिल रही थी। मंगलवार से अचानक पंजीकरण होना बंद हो गया।
तहसील डोईवाला में नगर के अलावा दूरस्थ क्षेत्र डोईवाला के लोग आधार पंजीकरण के लिए पहुंच रहे थे। अब पंजीकरण नहीं होने से लोग इधर-उधर भटकने को मजबूर हो रहे हैं। सरकार की ओर से आधार कार्ड को बैंक खातों, राशन कार्ड और आयकर से जोड़ा जा रहा है। यहीं नहीं आधार पंजीकरण नहीं होने से बच्चों को विद्यालयों में दाखिला नहीं मिल पा रहा है। लोक हितकारी परिषद् अश्वनी गुप्ता, समाजसेवी दिनेश वर्मा और शिक्षाविद् देवी प्रसाद डबराल ने जिला प्रशासन से आधार पंजीकरण केंद्र शुरू कराने की मांग की है।
आधार पंजीकरण केंद्र के संचालक सुमित अग्रवाल ने बताया कि आधार पंजीकरण आईडी सोमवार शाम से तकनीकी कारण से निष्क्रिय हो जाने से पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। पूर्व में ऐसी परेशानियां देहरादून स्तर से दूर हो जाती रही थी। सिस्टम को दोबारा सक्रिय कराने के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण को मेल भेज दी गई है। आईडी सक्रिय होने पर पंजीकरण शुरू हो सकेगी।