श्रीनगर। तीन सूत्री मांगों के लिए प्रजम का धरना मंगलवार को 216 वें दिन भी जारी रहा। इस मौके पर आम आदमी पार्टी ने धरने को समर्थन देते हुए शासन प्रशासन से शीघ्र मांगों पर कार्रवाई करने की मांग की।
मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रगतिशील जन मंच के धरने को समर्थन देते हुए प्रदेश सरकार की उपेक्षापूर्ण नीति पर कड़ा आक्रोश जताया। इस मौके पर पार्टी के राकेश सिन्हा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस की सरकारें बारी-बारी से जनता को लूटने का काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार को दिल्ली की आप सकार से सीख लेने को कहा। कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में जहां चिकित्सकों की कमी से लोग स्वास्थ्य लाभ के लिए जूझ रहे है, वही विद्यालयों में शिक्षकों के अभाव में छात्रों का भविष्य बरबाद हो रहा है। कहा कि अब प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव में आप अपने प्रत्याशी उतारेगी। इस मौके पर प्रजम की ओर से उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धनसिंह रावत की ओर से धरने के संबंध में जारी बयानों पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया गया। इस मौके पर प्रजम के अध्यक्ष अनिल स्वामी, डा. राकेश नेगी, नवीन नौटियाल, दिनेश बडोला, नवीन पटशाली, अशोक सेमवाल, विरेंद्र पोखरियाल, गणेश कुकरेती, पृथ्वी सिंह बिष्ट, पवन उनियाल, सदानंद पुरी, रमेश रावत आदि मौजूद थे।