श्रीनगर। गढ़वाल विवि में कुलपति की नियुक्ति संबंधी विज्ञप्ति जल्द जारी होगी। एमएचआरडी ने विवि को जल्द विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए है। साथ की कुलपति पद के लिए योग्यता संबंधी फार्मेट भी विवि प्रशासन को भेजा गया है।
विवि के कुलपति प्रो. जेएल कौल को केंद्र सरकार ने पद से हटा दिया था। एमएचआरडी के निर्देशानुसार विवि के वरिष्ठ प्रोफेसर एबी भट्ट को कार्यवाहक कुलपति का दायित्व सौंपा गया। एमएचआरडी ने कार्यवाहक कुलपति को कार्य परिषद की बैठक बुलाने व सर्च कमेटी के लिए 3 नामों को भेजने का निर्देश भी दिया था। गढ़वाल विवि ने 20 जनवरी को कार्य परिषद की बैठक दिल्ली में आयोजित किए जाने का निर्णय लिया है। कार्य परिषद में 4 नए सदस्य भी मनोनीत किए गए हैं। वहीं एमएचआडी ने विवि को कुलपति पद के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में एमएचआरडी ने गढ़वाल विवि को मेल से निर्देशित किया है। मंत्रालय ने विवि को कुलपति पद के लिए योग्यता संबंधी फार्मेट भी भेजा है। विवि के कार्यवाहक कुलपति प्रो. एबी भट्ट ने बताया कि मंत्रालय की मेल प्राप्त हो चुकी हैं। मंत्रालय के निर्देशानुसार कार्रवाई की जा रही है।
ये है 4 नए ईसी सदस्य
श्रीनगर। वरिष्ठतम प्रोफेसर के नाते प्रो. एबी भट्ट अभी तक ईसी के सदस्य रहे, लेकिन उनके कार्यवाहक कुलपति बनने पर उनके स्थान पर प्रो. जेपी पचौरी को ईसी का सदस्य नामित किया गया है। डा. विमल गैरोला, डा. अर्चना शाह व प्रो. जेके गोदियाल भी ईसी सदस्य नामित किए गए हैं।