श्रीनगर। गढ़वाल विवि के बादशाहीथौल परिसर छात्र संघ अध्यक्ष की फर्जी अंकतालिका मामले में कार्रवाई न होने पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कुलपति के समक्ष आक्रोश जताया। ग्रेवांस समिति ने छात्रसंघ अध्यक्ष की इंटरमीडिएट अंकतालिका को फर्जी बताते हुए कार्रवाई के लिए रिपोर्ट कुलपति को भेज दी थी। कुलपति ने बताया कि ग्रेवांस समिति की रिपोर्ट को डीएसडब्ल्यू को भेजा गया है। रिपोर्ट की गहनता से समीक्षा करने के बाद कार्रवाई की जाएगी। गढ़वाल विवि को ग्रेवांस समिति की रिपोर्ट 10 जनवरी को प्राप्त हो गई थी। लेकिन 3 दिन बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर शुक्रवार को एनएसयूआई कार्यकर्ता टिहरी से गढ़वाल विवि के प्रशासनिक भवन पहुंचे। संगठन के जिलाध्यक्ष सौरभ तड़ियाल ने कहा कि प्रकरण पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद भी विवि प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं कुलपति प्रो. एबी भट्ट ने कहा कि ग्रेवांस समिति की रिपोर्ट को डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी को भेज दिया गया है। रिपोर्ट की गहनता से समीक्षा के बाद कार्रवाई की जाएगी।