श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के डागर पट्टी के सबसे दुर्गम गांव ग्वाड़, टोला और जखेड़ के ग्रामीणों को शीघ्र ही सड़क सुविधा का लाभ मिलने वाला है। इन गांवों के लिए करीब 12 करोड़ की लागत से 15 किमी सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। सड़क निर्माण के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को जहां आवागमन में सुविधा मिलेगी वही उनका उत्पाद भी आसानी से देश की मंडियों तक पहुंच सकेगा।
सालों से सड़क की आस लगाए बैठे डागर पट्टी के ग्वाड़, टोला, राडागाढ़, जखेड़ व गवाणा के ग्रामीणों का सड़क का सपना साकार होने वाला है। इन गांवों के लिए पीएमजीएसवाई के तहत बैजवाड़ी-राडागाढ 5 किमी व झिंझणीसैण-जखेड़ 10 किमी मोटर मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि बैजवाड़ी-राडागाढ मोटर मार्ग को टोला व ग्वाड़ गांवों तक पहुंचाने के लिए शीघ्र कार्यवाई की जाएगी। कहा कि देवप्रयाग विधान सभा में मात्र ग्वाड़ व टोला ही ऐसे गांव बचे है जो कि मोटर मार्ग से काफी दूर है, जिन्हें शीघ्र मोटर मार्ग की सुविधा से जोड़ा जाएगा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी मात्रा में उत्पादित होने वाला अदरक अब खेतों व घरों में नही सड़ेगा। कहा कि सड़क अभाव से काश्तकारों द्वारा उत्पादित टनों अदरक हर साल खेतों में सड़ जाता था। अब सड़क सुविधा होने से लोगों को इसकी अच्छी कीमत मिल सकेगी। सड़क पर निर्माण कार्य शुरू करने के दौरान इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य चंद्रपाल चौहान, महिपाल बुटोला, सुरेश महर, दीपक राणा, प्रमोद भंडारी, विजय बर्त्वाल, प्रेम सिंह नेग, नरेंद्र कुवर, हुकम सिंह महर आदि मौजूद थे।