ब्यूरो/ अमर उजाला/देहरादून।
महाराणा प्रताप विचार मंच की ओर से महाराणा प्रताप की 480वीं जयंती बृहस्पतिवार को आईएसबीटी परिसर स्थित महाराणा प्रताप पार्क में धूमधाम से मनायी गई। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के आदर्श एवं उनके क्रांतिकारी जज्बे से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।
मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि देश की एकता व अखंडता के लिए महाराणा प्रताप ने जो बलिदान किया उसे कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुलवामा हमले के अमर शहीद मेजर चित्रेश सिंह बिष्ट के पिता एवं पूर्व शहर कोतवाल एसएस बिष्ट व अमर शहीद मोहनलाल रतूड़ी की पत्नी सरिता रतूड़ी को शॉल ओढ़ाकर व महाराणा प्रताप का स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। महाराणा प्रताप विचार मंच के अध्यक्ष रतन सिंह चौहान ने कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप ने देश की रक्षा एवं अखंडता को बचाने के लिए जान की बाजी लगा दी। अपनी बहादुरी व शौर्य के दम पर उन्होंने दुश्मनाें को छक्के छुड़ा दिए थे। विचार मंच के अध्यक्ष रतन सिंह चौहान नेे जयंती के दिन सरकारी स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को महाराणा प्रताप की जीवनी की जानकारी देने की मांग रखी। कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष विनय गोयल समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, श्री गुरुराम राय विश्वविद्यालय के कुलपति पीपी ध्यानी, जिला पंचायत सदस्य सरिता चौहान, योगेंद्र पुंडीर, डॉक्टर दीपक सोम, गजेंद्र चौहान, आदित्य चौहान, पवन कुमार, राजकुमार, प्रोफेसर अनुज शर्मा, कुलदीप रोहिला, सचिन चौहान, मनोहर लाल, सोहनलाल, दिलीप कुमार, मुकेश चौहान, विनय जोशी, विकास कुमार, यशपाल मीणा, प्रतीक अरोड़ा, सचिन वालिया, हिमांशु अग्रवाल, रूपचंद शर्मा, सुभाष बालियान, टीएस सिसोदिया, पंकज चौहान, अरुण चौहान, महेश पांडे, विनोद रांगड़, अनंत सागर, सतीश कश्यप आदि उपस्थित रहे।
101 युवाओं ने किया रक्तदान
महाराणा प्रताप विचारमंच की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 101 युवाओं ने रक्तदान कर मरीजों की जिंदगी बचाने का संकल्प लिया। रक्तदान करने को लेकर युवाओं में उत्साह रहा।
पूर्व मुख्यमंत्री निशंक समेत कई अतिथि नहीं हुए शामिल
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक को मुख्य वक्ता व आरएसएस के प्रांत प्रचारक युद्धवीर सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल को विशिष्ट अतिथि, महापौर सुनील उनियाल गामा, भाजपा जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर व विधायक धर्मपुर विनोद चमोली को शामिल होना था। चुनावी व व्यक्तिगत कारणों के चलते ये लोग कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए।