बल्लीवाला फ्लाईओवर पर बनाए गए 17 बेतरतीब रंबल स्ट्रिप में से शनिवार को आठ हटा दिए जाएंगे। शुक्रवार को लोगों की ओर से फ्लाईओवर का इस्तेमाल नहीं करने की सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। उसके बाद रंबल स्ट्रिप हटाने का निर्णय लिया गया।
सोमवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने फ्लाईओवर का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को गति पर नियंत्रण करने के लिए उपाय करने को कहा था। उसके बाद अधिकारियों ने इस पर 17 स्थानों पर रंबल स्ट्रिप बना दिए। जिसके चलते इस पर दो पहिया सवार कई बार गिरते-गिरते बचे। चार पहिया चालक भी नियंत्रण खोते दिखे।
नतीजतन वाहन सवारों ने फ्लाईओवर की बजाय उसके नीचे बनी सड़क का इस्तेमाल करना शुरू किया। शुक्रवार को लोगों द्वारा बेतरतीब रंबल स्ट्रिप के चलते फ्लाईओवर का इस्तेमाल नहीं करने की सूचना पर राजमार्ग अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। उसके बाद निर्णय लिया गया कि शनिवार को आठ रंबल स्ट्रिप हटाए जाएंगे। उसके बाद शेष नौ रंबल स्ट्रिप को लोगों की फीडबैक के आधार पर हटाया जाएगा।
फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार के चलते हादसे हो रहे थे। जिसके कारण 17 रंबल स्ट्रिप बनाए गए हैं। आठ रंबल स्ट्रिप को हटाने के निर्देश कर्मचारियों को दे दिए गए हैं। शनिवार को इन्हें हटाया जाएगा।
-हरिओम शर्मा, सीईओ, राष्ट्रीय राजमार्ग
क्या बोले लोग
जब से यह फ्लाईओवर बना है, इसमें कमियां ही कमियां हैं। मुझे समझ नहीं आता यहां फ्लाईओवर बनाने की जरूरत क्या थी। - कलम सिंह गुसांई
बल्लीवाला फ्लाईओवर एकदम सरकार की तरह है। किसी को सरकार के कार्यों को देखना है तो इस फ्लाईओवर को देखे। - सुशील कुमार
इस फ्लाईओवर को तुरंत बंद कर देना चाहिए, इससे पहले तो बगैर फ्लाईओवर की व्यवस्था बेहतर थी। यहां फ्लाईओवर की आवश्यकता नहीं थी। - मनोज कापड़ी
यह फ्लाईओवर केवल प्रयोगशाला बनकर रह गई है, जिसकी भेंट चढ़कर कई लोग अपनी जिंदगी गंवा बैठे हैं। आखिर कब तक चलता रहेगा ये सब। - सुनील नेगी