उत्तराखंड ने मिजोरम को नौ विकेट से हराकर न केवल जीत दर्ज की बल्कि बीसीसीआई की महिला अंडर-23 लीग में जीत का छक्का भी लगाया। टूर्नामेंट में यह उत्तराखंड की लगातार छठी जीत है।
शनिवार को भुवनेश्वर के विकास क्रिकेट ग्राउंड में उत्तराखंड का मुकाबला मिजोरम के साथ खेला गया। मिजोरम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
पहले खेलने उतरी मिजोरम की टीम को उत्तराखंड की गेंदबाजों ने शुरू से नियंत्रण में रखा। हालांकि पहले नौ ओवर तक ओमोमी (9) और लेस्ली (10 रन) ने पहले विकेट के लिए 23 रनों की साझेदारी जरूर की। मगर दोनों के आउट होते ही अगले नौ ओवर में पूरी टीम सिमट गई। पूरी टीम 18.3 ओवर में केवल 53 रनों पर आउट हो गई। लेस्ली के अलावा कोई अन्य खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा छूने में नाकाम रही। चार खिलाड़ी शून्य पर पवेलियन लौटे। उत्तराखंड की गेंदबाज निशा मिश्रा ने पांच व पूजा राज ने तीन विकेट चटकाए। आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम उत्तराखंड ने मैच को नौ विकेट से जीत लिया। सलामी बल्लेबाज नीलम 43 रन व कंचन परिहार 7 रन बनाकर नाबाद लौटे।
टूर्नामेंट में उत्तराखंड ने इस जीत के साथ लगातार छठी जीत दर्ज की है। छह मैचों में छह जीत के साथ उत्तराखंड 24 अंकों के साथ पहले स्थान पर कायम है। टीम अपने ग्रुप में क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली टीमों की सूची में प्रबल दावेदार मानी जा रही है। वहीं, ग्रुप में बिहार की टीम छह मैचों में 20 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है।