हरिद्वार। जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज से आशीर्वाद लेेने पहुंचे केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम की सराहना की। अजय टम्टा ने कहा कि जनता को अपनी पीड़ा उठाने का एक मंच मिला और संवाद के बाद से प्रदेश में पलायन रोकने और नीतियों को लागू कराने में सार्थक पहल होगी। उन्होंने केंद्रीय परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी द्वारा प्रदेश के विकास के लिए तैयार कार्ययोजना को सराहा।
मंगलवार को कनखल स्थित जगद्गुरु आश्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की । शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए अमर उजाला की ओर से आयोजित संवाद से योजना की जानकारी मिली है। मंत्रियों ने समस्याओं को सुनकर निस्तारण कराने का समय दिया है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा प्रदेश के 10 पर्वतीय जनपदों में पलायन रोकने को उद्योगों को बढ़ावा देने की कार्ययोजना तैयार की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में उद्योग लगाने में कच्चे सामान की सप्लाई उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में फसलें और जड़ी बूटियों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए काम किया जा रहा है। इस मौके पर भाजपा के जिला मंत्री हरजीत सिंह, विपिन चौहान आदि मौजूद थे।