ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (एसटी/एससी) व बीपीएल छात्रों और छात्राओं को दी जाने वाली यूनिफॉर्म के लिए शिक्षा विभाग अब धनराशि जारी कर सका है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत इस दायरे में आने वाले सभी छात्र-छात्राओं को छह सौ रुपये प्रति की दर से खाते में धनराशि भेजने का प्रावधान है।
बता दें, समग्र शिक्षा अभियान के तहत शिक्षा विभाग की ओर से सभी अनुसूचित जाति, जनजाति और गरीबी रेखा से नीचे के छात्रों और सभी छात्राओं को प्रतिवर्ष यूनिफॉर्म देने का प्रावधान है। इसके लिए विभाग छात्र-छात्राओं के खाते में छह सौ रुपये प्रति की दर से धनराशि जारी करता है। इस शैक्षिक सत्र में विभाग ने अब छात्रों के खाते में धनराशि भेजनी शुरू की है। इस धनराशि से छात्र-छात्राओं को दो सेट यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन समिति की है। बहरहाल सत्र खत्म होने में मात्र कुछ माह ही शेष हैं। ऐसे में स्कूल प्रबंधन समिति के समक्ष इतने कम समय में यूनिफार्म उपलब्ध कराने की चुनौती होगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार केंद्र से बजट देर से जारी हुआ है। यही कारण है कि छात्रों को पैसा भेजने में ज्यादा समय लगा है। इस मामले में जानकारी लेेने के लिए शिक्षा निदेशक आरके कुंवर से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। हालांकि देर रात तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया। जैसे ही उनका पक्ष आएगा, उसे भी प्रकाशित किया जाएगा। े