ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सातवां वेतन लागू करने समेत पांच सूत्री मांगों के समर्थन में ग्रामीण डाक सेवकों ने मंगलवार से बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी। कमलेश चंद्र वेतन समिति के बैनर तले हड़ताल पर बैठे डाक सेवकों ने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
घंटाघर स्थित मुख्य डाकघर में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे ग्रामीण डाक सेवकों का कहना है कि मांगों के समर्थन में पहले भी कई बार आंदोलन किया गया। इसके बावजूद विभाग की ओर से मात्र आश्वासन ही मिलते रहे। समिति के अध्यक्ष राजकुमार मधवाल ने बताया कि समिति ने साल 2016 के जनवरी महीने में सातवें वेतन की मांग की थी, लेकिन अभी तक मांगें पूरी नहीं हो सकी हैं। मधवान ने आरोप लगाया कि अन्य डाक सेवकों को सातवें वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है, लेकिन ग्रामीण डाक सेवकों की मांगों की अनदेखी की जा रही है। इस अवसर पर समिति के सचिव सुभाष पंवार, प्रेम सिंह रावत, राजा राम पांडेय, राजेंद्र डबराल, नवीन शर्मा, प्रतिभा पंत, वंदना गुरुंग, टीकाराम नौटियाल, अर्चना आदि मौजूद रहीं।
ये हैं समिति की मांगें
-मांगें एक जनवरी 2016 से प्रभावी रूप से लागू की जाएं।
-ग्रेच्युइटी की सीमा 15 से बढ़ा कर 50 हजार की जाए।
-ग्रामीण डाक सेवकों को पांच दिन आकस्मिक और 30 दिन का वार्षिक अवकाश जल्द सुनिश्चित किया जाए।
-12, 24, 36 साल की सेवा पूरी करने पर अतिरिक्त वृद्धि जल्द लागू की जाए।
-दो बच्चों तक शिक्षा भत्ता छह हजार रुपये लागू किया जाए।