ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी।
लंढौर छावनी परिषद में मलिंगार से गुरुद्वारा चौक जाने वाले मार्ग को हवाघर तक तोड़कर पुनर्निर्माण कार्य पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए है। लोगों का कहना है कि मार्ग बिल्कुल सही है, ऐसे में मार्ग तोड़कर बनाने से धन की बर्बादी के अलावा कुछ नहीं है।
छावनी परिषद की ओर से मलिंगार से हवाघर तक करीब 100 मीटर सड़क साढे़ सत्रह लाख के बजट से बनाई जा रही है। जिसमें सड़क के किनारे की नाली भी शामिल है। स्थानीय निवासी सतेंद्र नकोटी, संजय कंसल, रोशन शाह, परमवीर आदि का कहना है कि रोड की स्थिति अभी ठीक है और अगर कहीं पर गड्ढे भी हैं तो वहीं पेचवर्क कर मरम्मत की जानी चाहिए। कहा कि यह मार्ग छावनी का मुख्य मार्ग है, लेकिन इसे बंद कर दिया गया है। जिस कारण लोगों को 15 किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि बजट को ठिकाने लगाने को यह सब किया जा रहा है। कहा कि वह इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से करेंगे।
छावनी परिषद के अवर अभियंता प्रेम सिंह रावत का कहना है कि यह मार्ग पिछले साल बनना था, लेकिन किन्हीं कारणों से नहीं बन सका। यह काम बोर्ड से पास है। इसका आधा काम पहले हवाघर से गुरुद्वारा चौक तक हो चुका है।
छावनी परिषद के उपाध्यक्ष महेश चंद का कहना है कि दो वर्ष पूर्व सभासदों ने सड़क की मरम्मत करने के लिए छावनी परिषद में प्रस्ताव रखा था जो बोर्ड से स्वीकृत हो गया, लेकिन अगले वर्ष यह कार्य नहीं हो पाया और उसी को अब किया जा रहा है।