सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय शिक्षा पर मंथन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। दून स्कूल में आयोजित क्षेत्रीय राउंड स्क्वायर सम्मेलन में दक्षिण एशिया और खाड़ी देशों के कुल 184 छात्र प्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन में स्कूलों के प्रतिनिधियों ने अंतरराष्ट्रीय शिक्षा समेत कई अन्य मुद्दों पर मंथन किया।
तीन दिवसीय सम्मेलन में ‘सेवा करने के लिए प्रेरित, नेतृत्व करने के लिए सशक्त’ विषय पर प्रतिनिधियों ने राय रखी। मुख्य वक्ता डॉ. हर्षवंती बिष्ट ने बताया कि प्रतिनिधियों को नेतृत्व और सेवा के लिए प्रेरित करने के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय शिक्षा, सांस्कृतिक समरसता, पर्यावरण, साहसिक, सामाजिक सेवा, नेतृत्व और लोकतंत्र पर भी चर्चा होनी चाहिए। इस अवसर पर जीके स्वामी, उप प्राचार्य कमल आहूजा, उप प्राचार्य देवाशीष चक्रवर्ती आदि मौजूद रहे।
ऊर्जा संरक्षण का महत्व बताया
सम्मेलन में योग कार्यक्रम, ऊर्जा संरक्षण के संबंध में जागरुकता, ऊर्जा उत्पादन की गतिविधियां भी आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण का महत्व बताने के लिए एलईडी बल्ब बनाने और मरम्मत की प्रक्रिया भी दिखाई गई। प्रसिद्ध पक्षी विशेषज्ञ अजय शर्मा के नेतृत्व में छात्र समूहों ने चांद बाग में पक्षियों को देखा। इस अवसर पर अल्मोड़ा के लोक कलाकारों ने आकर्षक छोलिया नृत्य की प्रस्तुति दी।