अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
सिंचाई विभाग ने पंतद्वीप पार्किंग से अतिक्रमण हटाकर सामान जब्त कराया। सबसे बड़ा अतिक्रमण एक ट्रेवल एजलेंट का था। इस हटाने से रोकने के लिए सत्ताधारियों ने प्रयास किया, लेकिन विभागीय अधिकारियों के सामने उनकी एक भी नहीं चली। कार्रवाई सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक हुई। अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
सोमवार को सिंचाई विभाग के उप राजस्व अधिकारी एनएस कुंडरा और पुलिस प्रशासन की टीम के नेतृत्व में पंतद्वीप पार्किंग से अतिक्रमण को हटाया गया। कब्जे में जिन लोगों को ढाबों के लिए कम भूमि आवंटित हुई थी, लेकिन उन्होंने दोगुने से अधिक भूमि पर कब्जा करते हुए अधिपत्य जमाया हुआ था, उसे भी अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कब्जा हटाते हुए टीम ने उनका सामान भी जब्त किया। पंतद्वीप पार्किंग में ही एक ट्रेवल एजेंट का कार्यालय हटाने के दौरान टीम को खासी मशक्कत करनी पड़ी। सत्ताधारी दल के नेताओं के फोन अधिकारियों को आते रहे, लेकिन उसे हटाकर ही प्रशासन ने राहत ली। इसके बाद झोपड़ी आदि डालकर रह रहे लोगों को भी पार्किंग क्षेत्र से बाहर कर दिया। एनएस कुंडरा ने बताया कि पार्किंग क्षेत्र में 30 ढाबों को अनुमति दी हुई थी और नियत भूमि आवंटित की थी, लेकिन उन्होंने नियत भूमि से अधिक कब्जा की हुई थी, जिसे पूरी तरह से मुक्त करा लिया। चेतावनी दी कि यदि फिर से भूमि पर अतिक्रमण हुआ तो कब्जा धारियों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। एनएस कुंडरा ने बताया कि लालजी वाला, बैरागी पार्किंग आदि में अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा।