ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
वीर शिरोमणि माधो सिंह भंडारी की गौरव गाथा पर आधारित प्रथम गीत और नृत्य नाटिका का दो दिवसीय मंचन परेड ग्राउंड में शनिवार से होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बतौर मुख्य अतिथि करेंगे। कार्यक्रम में नंदा देवी राजजात यात्रा और झांकी मुख्य आर्कषण होगी।
बृहस्पतिवार को परेड ग्राउंड पास स्थित प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए अभिनेता बलदेव राणा ने बताया कि पर्वतीय नाट्य मंच के बैनर तले वीर माधोसिंह भंडारी गीत और नृत्य नाटिका का मंचन 9वीं बार किया जा रहा है। राणा ने बताया कि 24 से 25 नवंबर तक होने वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक खजान दास करेंगे। नृत्य नाटिका की शुरूआत संयोजक रणजीत सिंह भंडारी और प्रभारी गणेश सिंलमाना के नेतृत्व में नगर निगम के टाउनहॉल से मां नंदा देवी की राजजात, सांस्कृतिक यात्रा और झांकी के साथ की जाएगी। जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी।
बलदेव राणा ने कहा कि कार्यक्रम के आयोजन से मंच का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के गौरवशाली इतिहास से रूबरू करना है। इससे प्रदेश की संस्कृति, विरासतों का संरक्षण किया जा सके। इस मौके पर जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण, राजेंद्र सिंह रावत, ममता भट्ट, गणेश सिलमाना, बिक्रम कपूर, गीता उनियाल, टीकम रावत, सुरेंद्र रावत, गजेंद्र रावत, दिनेश मोरेव, भानु प्रकाश नेगी, दीपक कैन्तुरा आदि मौजूद रहे।