नारायणबगड़। ब्लॉक मुख्यालय में स्थित पिंडर वैली गैस एजेंसी (भारत गैस) में कार्यरत सिलेंडर वितरक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। एजेंसी संचालक ने थाना थराली में तहरीर देकर लापता कर्मचारी की तलाश करने की मांग की है। भारत गैस एजेंसी नारायणबगड़ के कर्मी संजय प्रसाद ढौडियाल ने पुलिस को तहरीर देते हुए कहा कि एजेंसी में कार्यरत देहरादून निवासी राजेंद्र सिंह रावत पुत्र जमन सिंह 3 जनवरी को कार्यालय में आया था और उनसे यह कह कर चला गया कि रसोई गैस की डिलीवरी का जो 25 हजार रुपये उस पर बकाया है। उसे वह 4 जनवरी को जमा कर देगा, लेकिन उसके बाद जब 7 जनवरी तक वह कार्यालय में नहीं आया तो शाम को उन्होंने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट की तहरीर थाना थराली को दी गई। लापता कर्मचारी राजेंद्र सिंह रावत की पत्नी हेमा देवी ने बताया कि उसके पति 5 जनवरी की सुबह घर से गैस एजेंसी जाने की बात कह कर गए थे, लेकिन तब से वापस नहीं आए और उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ चल रहा है। थाना प्रभारी थराली एसबी जोशी ने बताया कि भारत गैस एजेंसी नारायणबगड़ में कार्यरत डिलिवरी मेन के लापता होने के मामले की छानबीन की जा रही है। उसका मोबाइल को भी सर्विलांस में लगाया गया है।