ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
रीजनल मॉनीटरिंग कमेटी एनजीटी नॉर्थ जोन की अध्यक्ष आर. संधू ने कहा कि शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की तरह प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट बनाए जाएं। यह बात उन्होंने बुधवार को शीशमबाड़ा (देहरादून) प्लांट का निरीक्षण करने के दौरान कही। उन्होंने प्लांट में कूड़ा निस्तारण और खाद बनाने की आदि क्रियाकलापों की सराहना की।
आर. संधू ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून में कूड़े के निस्तारण की व्यवस्थाओं को देखने की कड़ी में बुधवार को देहरादून पहुंची थीं। इसके बाद आर. संधू बुधवार सुबह नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे के साथ शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट पहुंचीं। जहां प्लांट हेड मोहित द्विवेदी ने अधिकारियों को प्लांट का निरीक्षण कराया। इस दौरान संधू ने कूड़ा आने से लेकर उससे जैविक खाद, आरडीएफ आदि बनाने प्रक्रिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देश के पहले फुली कवर्ड प्लांट की सराहना की। प्लांट हेड मोहित द्विवेदी ने बताया कि 350 मीट्रिक टन क्षमता के प्लांट में मौजूदा समय पर 250 मीट्रिक टन कूड़ा रोजाना आता है। निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त नीरज जोशी, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कैलाश जोशी आदि मौजूद रहे।