जल्द वेतन का भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। जुलाई माह का वेतन नहीं मिलने से नाराज उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के सदस्यों ने शनिवार को निगम प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान जल्द वेतन का भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन से जुड़े कर्मचारी शनिवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष रविनंदन कुमार के नेतृत्व में हरिद्वार रोड स्थित कार्यशाला के गेट पर एकत्र हुए थे। इस दौरान रोडवेज संयुक्त परिषद के मंजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन को समर्थन दिया। प्रांतीय महामंत्री रवि पचौरी ने कहा कि अगस्त खत्म होने वाला है, लेकिन अभी तक जुलाई माह का वेतन नहीं दिया गया है। इसके चलते कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। ऐसे में सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए लड़ना होगा। रोडवेजकर्मियों ने जल्द वेतन भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर हरि सिंह, बालेश कुमार, भोला जोशी, रमेश कुमार, राकेश पेटवाल, विपिन वालिया, सुनील कुमार, शक्ति पेटवाल, नवीन भट्ट, आनंद कुकरेती, अनिल उपाध्याय आदि मौजूद रहे।