फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इनवेस्टर मीट से पहले चकाचक होगा शहर

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन

अक्तूबर में प्रस्तावित इन्वेस्टर्स मीट से पहले निवेशकों को लुभाने के लिए सरकार राजधानी को चकाचक करने जा रही है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग और नगर निगम ने कार्ययोजना भी तैयार कर ली है। अगले महीने से कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। इसके तहत राजधानी की प्रमुख सड़कों पर मौजूद बड़े-बड़े गड्ढों से लोगों को मुक्ति मिलेगी तो अक्सर बंद पड़ी रहने वाली स्ट्रीट लाइटें भी जगमगाएंगी। यही नहीं इन्वेस्टर्स मीट के बहाने ही सही काफी समय से धीमी गति से चल रहे कई विकासकार्यों के भी पूरे होने की उम्मीद है। इससे एक ओर इन्वेस्टर्स देहरादून के प्रति आकर्षित होंगे तो वहीं शहरवासियों को भी काफी लाभ मिलेगा।
--
आठ करोड़ से चकाचक होंगी सड़कें
इस समय राजधानी की सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढे लोगों के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बने हैं, लेकिन इन्वेस्टर्स मीट के बहाने ही सही सड़कों की सूरत तो बदलेगी। मौजूदा समय में शहर की प्रमुख सड़कों से सब वाकिफ हैं। जगह-जगह मौजूद गड्ढों में गिरकर रोजाना दर्जनों लोग घायल हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है, लेकिन अब इन्वेस्टर्स मीट से पहले आठ करोड़ रुपये से इन सड़कों को ठीक किया जाएगा। एक सितंबर से शहर की सभी प्रमुख सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन

--
जगमगाएंगी स्ट्रीट लाइटें
सहारनपुर रोड, राजपुर रोड, शिमला बाईपास समेत शहर की ज्यादातर सड़कों पर लगी हजारों स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इसके चलते सड़कों पर अंधेरा कायम रहता है। इन्वेस्टर्स मीट को देखते हुए नगर निगम ने स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने का कार्य शुरू करने जा रहा है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार, सोमवार से स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू हो जाएगा।
--
सड़कों पर नहीं दिखेंगे कूड़े के ढेर
पटेल नगर, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड समेत अधिकतर स्थानों पर सड़क किनारे दिखने वाले कूड़े के ढेर अब नहीं दिखाई देंगे। इन्वेस्टर्स मीट के मद्देनजर नगर निगम ने इसके लिए विशेष टीम बनाई है, जो कूड़े के कंटेनरों के भरते ही उसे तुरंत उठवाएगी। साथ ही सड़क पर मौजूद गंदगी के साथ ही नाली और नालों की भी सफाई की जाएगी ताकि इन्वेस्टर्स को यहां अच्छा महसूस हो।
--
मोहकमपुर आरओबी का कार्य होगा पूरा
बीते करीब दो वर्षों से मोहकमपुर और हरिद्वार बाईपास रोड पर आरओबी का कार्य चल रहा है। अब इन्वेस्टर्स मीट के चलते इनके निर्माण कार्यों में भी तेजी आई है। उम्मीद है कि मोहकमपुर आरओबी का कार्य इन्वेस्टर्स मीट से पहले पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद लोगों को यहां अक्सर लगने वाले जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। इसके अलावा हरिद्वार बाईपास पर बन रहे आरओबी का कार्य नवंबर में पूरा होगा।
--
मौसम ने दिया साथ तो जाम से मिलेगी निजात
सहारनपुर रोड पर बन रही प्रदेश की पहली डबल लेन टनल का कार्य भी काफी तेज गति से चल रहा है। टनल का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मौसम ने साथ दिया तो शेष कार्य इन्वेस्टर्स मीट से पहले पूरा हो जाएगा। इसके बाद लोगों को डाट काली के जाम से निजात मिलेगी।
--
शहर में सड़कों की मरम्मत का कार्य एक सितंबर से शुरू होगा। इन्वेस्टर्स मीट से पहले 30 सितंबर तक हर हाल में सड़कों को ठीक कर लिया जाएगा। इसके लिए आठ करोड़ का बजट रखा गया है।
विज्ञापन

-राजेंद्र गोयल, मुख्य अभियंता लोनिवि देहरादून
--
शहर की सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइटों का दुरुस्त करने का कार्य सोमवार से शुरू किया जाएगा। इन्वेस्टर्स मीट से पहले बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कर लिया जाएगा। -विजय कुमार जोगदंडे, नगर आयुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें