ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
कपड़ा कमेटी और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर एमकेपी इंटर कॉलेज में आयोजित रक्तदान शिविर में 50 लोगों ने रक्तदान कर इंसानियत की मिसाल पेश की। शिविर में आईएमए ब्लड बैंक की टीम ने रक्त एकत्रित करने के साथ ही लोगों को सुरक्षित रक्तदान के संबंध में जानकारी भी दी।
शिविर का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान अमूल्य जीवनदान है। एक यूनिट खून से चार मरीजों की जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज हम सभी शिक्षित और सभ्य समाज के नागरिक हैं। ऐसे में हमें सिर्फ अपने लिए नहीं बल्कि दूसरों की भलाई के लिए भी सोचना चाहिए। हम सभी को समय-समय पर रक्तदान जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खून की कमी से किसी मरीज की जान न जाने पाए, यह हम सबका प्रयास होना चाहिए। देशभर में रक्तदान के लिए कई संस्थाएं लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रही हैं। उनके प्रयास तभी सार्थक होंगे जब हम रक्तदान के लिए आगे आंगे। कपड़ा कमेटी के संरक्षक और आयोजक रामकुमार गुप्ता ने कहा कि संस्था की ओर से समय समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि मरीजों के लिए खून की कमी न आए पाए। इस मौके पर प्रवीण जैन, कमेटी के मंत्री गजेंद्र वासन, रविकांत मल्होत्रा, अंशुमन गुप्ता, जगमोहनलाल, सरदार आईडी सिंह, कमल साहू, डॉ. पीयूष गोयल, जीतेंद्र नेगी समेत कई लोग उपस्थित थे।