गणित ने मुश्किल में डाला, सामान्य ज्ञान ने दी राहत
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
संघ लोक सेवा आयोग की एनडीए परीक्षा में गणित के सवालों के अभ्यर्थियों को मुश्किल में डाला। हालांकि सामान्य ज्ञान और अंग्रेजी के सवाल आसान रहे। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि गणित के मुश्किल सवालों की वजह से मेरिट लगभग 330 अंकों तक रहेगी। राजधानी में 34 केंद्रों पर 10945 अभ्यर्थियों ने एनडीए की दोनों पालियों की परीक्षा दी।
रविवार को हुई एनडीए परीक्षा के लिए राजधानी के 34 केंद्रों के लिए 15,319 छात्र पंजीकृत थे। पहली पाली में 11,208 छात्र उपस्थित रहे जबकि 4,111 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 10,945 छात्र उपस्थित और 4374 छात्र अनुपस्थित रहे। परीक्षा देने वाले छात्र गणित सवालों से चिंतित जरूर थे लेकिन अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान के आसान प्रश्नों से उनके चेहरे खिले नजर आए।
ग्राउंड जीरो के निदेशक अवशीष सहगल ने बताया कि पेपर के हिसाब से मैथ्स थोड़ा मुश्किल था, इसलिए 330 मेरिट तक जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि गणित के 120 सवाल, अंग्रेजी के 50 सवाल और सामान्य ज्ञान के 100 सवाल पूछे गए थे। परीक्षा विशेषज्ञ वैभव राय ने बताया कि एनडीए में मैथ्स के सवाल थोड़े घुमावदार थे।
दून डिफेंस अकादमी के डायरेक्टर संदीप गुप्ता ने बताया कि परीक्षा में पेपर अधिकतर वैसा ही आया जैसा उनके यहां पढ़ाया गया था। ओवरऑल देखें तो परीक्षा आसान रही।
क्या कहते हैं परीक्षार्थी
प्रश्न-पत्र सरल बहुत था लेकिन गणित थोड़ा मुश्किल था। लॉजिकल प्रश्नों के लिए पुराने सैंपल पेपर काफी लाभदायक रहे। ज्यादा प्रश्न 2008-2010 के सैंपल पेपर से मिलते जुलते आए। - प्रभाष कैलखुरा, रायपुर
दोनों ही प्रश्न-पत्र आसान थे लेकिन पेपर दो घंटे में ही पूरा हो सका। सैंपल पेपर से काफी मदद मिली। परीक्षा सुचारु रूप और सहीं ढंग से संचालित हुई। - पार्थ, मोहब्बेवाला
गणित का पूरा पेपर पुराने प्रश्न-पत्रों से मिलता-जुलता आया। जिन्होंने भी पुराने अभ्यास प्रश्नों को हल किया होगा तो उनके लिए परीक्षा आसान रही होगी। - गौरव शर्मा, सहारनपुर
अधिकांश पेपर ठीक रहा। जिन्होंने पिछले वर्षों के पेपर ढंग से तैयार किए थे, उनके लिए काफी आसानी रही होगी। सैंपल पेपरों का पैटर्न आज की परीक्षा में देखने को मिल।
- शिवांश सैनी, रुड़की