ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
परिवहन निगम में कार्यरत ऑउटसोर्स या संविदा चालकों परिचालकों की तर्ज पर अब निगम में वर्कशाप मेें कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को भी दुर्घटना बीमा का लाभ मिलेगा। तकनीकी कर्मचारी की मृत्यु पर आश्रितों को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। प्रबंधक निदेशक की ओर से जारी इस आदेश के बाद परिवहन निगम में कार्यरत सात सौ से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
वर्तमान में परिवहन निगम में कार्यरत ऑउटसोर्स या संविदा पर कार्यरत चालकों परिचालकोें के परिजनों को ही दुर्घटना बीमा का लाभ मिल है। इसके तहत चालकों-परिचालकों की दुर्घटना में मौत होने पर परिजनों को अन्य लाभों के अलावा दो लाख रुपये दुर्घटना बीमा का लाभ दिया जाता है। अब तक निगम में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को इस योजना का लाभ नहीं मिलता था। इस संबंध में कर्मचारी संगठन लगातार मांग भी उठा रहे थे। आखिरकार प्रबंध निदेशक बीके संत की ओर से तकनीकी कर्मचारियों को भी दुर्घटना बीमा का लाभ देने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश जारी होने पर रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के प्रदेश महामंत्री रवि पचौरी ने सरकार, शासन का आभार जताया है।