ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
पिछले माह का वेतन न मिलने से नाराज रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने बुधवार को क्षेत्रीय कार्यालय गांधी रोड पर प्रदर्शन किया। रोडवेज कर्मियों ने मंडलीय प्रबंधक संचालन को ज्ञापन देकर 15 फरवरी तक वेतन देने की मांग की है। ऐसा न होने पर रोडवेज कर्मियों ने 16 फरवरी से प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है।
क्षेत्रीय मंत्री दिनेश पंत की अगुवाई में रोडवेज कर्मचारी बुधवार को गांधी रोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर एकत्र हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि पिथौरागढ़ डिपो के कर्मचारियों का दिसंबर और जनवरी माह का वेतन नहीं मिला है। समय पर वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट आ गया है। कर्मचारियों ने 15 फरवरी तक वेतन जारी न होने पर 16 से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। इस बाबत कर्मचारियों ने वित्त नियंत्रक परिवहन निगम पंकज तिवारी को संबोधित ज्ञापन मंडलीय प्रबंधक संचालन पवन मेहरा को सौंपा। इस दौरान प्रेम सिंह रावत, रामचंद्र रतूड़ी समेत तमाम रोडवेज कर्मी मौजूद रहे।
वार्ता के बाद रोडवेज इंप्लाइज यूनियन का धरना खत्म
देहरादून। सात सूत्री मांगों पर मंडलीय प्रबंधक संचालन पवन मेहरा के आश्वासन के बाद उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन की धरना खत्म कर दिया। इसके पहले उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के पदाधिकारियों ने बुधवार को मंडलीय प्रबंधक संचालन कार्यालय के बाहर धरना दिया। हालांकि 21 तक मांगें पूरी न होने पर 22 फरवरी से दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी है। क्षेत्रीय मंत्री हरि सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को प्रत्येक माह की सात तारीख तक वेतन देने, परिचालक से कनिष्ठ लिपिक के पद पर पदोन्नति करने समेत सात सूत्री मांगों पर मंडलीय प्रबंधक संचालन ने आश्वासन दिया है। धरना-प्रदर्शन में रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह, विपिन वालिया, भोला जोशी, आनंद कुकरेती, सुनील कुमार, महेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, नितिन कुमार आदि मौजूद रहे।