ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
जैन मुनि विद्यासागर महाराज के दीक्षांत को 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जैन समाज ने शनिवार को जन चेतना एवं पर्यावरण रैली निकाली। रैली में जैन समुदाय से जुड़े सैकड़ों लोगों ने रैली में हिस्सा लिया।
जैन सद्भावना परिषद की ओर से शनिवार को आयोजित रैली को वरिष्ठ गुरु भक्त रूढ़ामल जैन ने जैन धर्मशाला से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में महिलाएं पीले वस्त्रों और पुरुष सफेद कुर्ता पायजामा पहनकर व श्री विद्यासागराय नम: की टोपी धारण कर शामिल हुए। रैली में शामिल लोग जैन मुनि विद्यासागर महाराज के संदेशों को सुनाते हुए चल रहे थे। रैली जैन धर्मशाला से शुरू होकर रैली आढ़त बाजार, तीर्थकर महावीर स्वामी चौक, झंडा बाजार, मोती बाजार, डिस्पेंसरी रोड, राजा रोड होते हुए वापस जैन धर्मशाला में ही संपन्न हुई। रैली के दौरान जौनसार के पारंपरिक वाद्य यंत्रों का भी प्रदर्शन किया गया। जैन समाज के संयोजक अशोक जैन ने बताया कि खराब खान-पान के अलावा पहनावा भी बीमारियों का कारण बन रही है। इसके लिए हथकरघा को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ बच्चियों को सही शिक्षा और आचरण के प्रति सजग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इसके अलावा समाज में महाराज का संदेश और उनके प्रवचनों को जन जन तक पहुंचाने के लिए रैली आदि का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर जैन समाज के अध्यक्ष नेम चंद जैन, मुख्य संयोजक सुनील कुमार जैन, रैली संयोजक अशोक कुमार जैन, संदीप जैन, राहुल जैन, संदीप जैन, सुखमाल चंद जैन प्रवीण जैन मौजूद रहे।