पीपलकोटी। ग्राम पंचायत नौरख में आयोजित पांडव लीला के दौरान गैंडा वध लीला का मंचन किया गया। इस दौरान आसपास के गांवों से भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पांडव परिवार की पूजा कर क्षेत्र की कुशलता की कामना की।
पौराणिक मान्यता के अनुसार जब पांडवों को पितर तर्पण के दौरान कोई वस्तु नहीं मिली तो धनुर्धर अर्जुन ने भगवान श्रीकृष्ण के कहने पर गैंडे का वध कर उसकी खाल निकाल ली थी। शनिवार को पांडव परिवार ने गंगा स्नान करने के बाद पितर तर्पण किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष अतुल शाह ने बताया की लंबे समय से पांडव नृत्य का आयोजन गढ़वाल क्षेत्र की लोक परंपरा से जुड़ा है। पांडवलीला के आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को लोक परंपराओं से जोड़ना है। इस मौके पर देवेंद्र कंडेरी, बलवीर भंडारी, खीम सिंह, कृष्णा नेगी, पुष्कर नेगी, विक्रम कंडेरी, महावीर राणा, संजय भंडारी, अनूप पंवार, राम लाल, प्रेम लाल और लखपत लाल आदि मौजूद थे।