ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
उत्तराखंड परिवहन निगम के संविदा एवं विशेष श्रेणी कर्मियों की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने का आदेश जारी होने और मानदेय बढ़ोतरी को कमेटी गठन के आश्वासन के बाद रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद् का चार जनवरी का प्रस्तावित चक्काजाम टल गया। निगम प्रबंधन के साथ हुई परिषद् प्रतिनिधि मंडल की वार्ता में कई मांगों पर सहमति बनी। परिषद् से जुड़े कर्मचारी लंबे समय से आंदोलित थे और चार जनवरी को चक्काजाम कर सचिवालय कूच की चेतावनी दी थी।
मंगलवार को प्रबंधन और परिषद् के नेताओं के बीच सुबह से वार्ता का दौर चला और देर शाम मानदेय बढ़ोतरी की मांग पर सहमति बन गई। प्रबंध निदेशक बीके संत की अध्यक्षता में हुई वार्ता में सहमति बनी कि संविदा एवं विशेष श्रेणी कर्मियों के 18000 वेतन के लिए एक समिति गठित की जाएगी। समिति 15 अप्रैल को अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। समिति अन्य राज्यों के परिवहन निगम के संविदा एवं विशेष श्रेणी कर्मियाें को मिलने वाले मानदेय का अध्ययन करेगी।
प्रबंधन ने प्रोत्साहन राशि बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं। विशेष श्रेणी चालकों एवं परिचालकों की प्रोत्साहन राशि ढाई हजार से बढ़ाकर तीन हजार दी जाएगी। प्रोत्साहन के लिए 25 दिन की ड्यूटी की बाध्यता खत्म कर दी है। कार्यशाला में कार्यरत तकनीकी कर्मियों के 20 दिन की ड्यूटी पर दो हजार से बढ़ाकर ढाई हजार प्रोत्साहन मिलेगा। बैठक में प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक बीके संत के अलावा वित्त नियंत्रक पंकज तिवारी, महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन और रोडवेज कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष महेंद्र सिंह जीना, महामंत्री राम चंद्र रतूड़ी, दिनेश गुसांई, विपिन बिजल्वाण, प्रेम सिंह रावत मौजूद थे।
.........................
वार्ता में इन बिंदुओं पर भी बनी सहमति
-कार्यशाला में तैनात विशेष श्रेणी कर्मियों का नाम दैनिक वेतन भोगी परिवर्तन करने के संबंध में विधिक परीक्षण के बाद आदेश होंगे।
- चालकों, परिचालकों, तकनीकी संवर्ग के कर्मियों को वर्दी भत्ते के संबंध में सैद्धांतिक सहमति। जिसके जल्द आदेश जारी किए जाएंगे।
- 2012 से 2016 के मध्य सेवानिवृत्त कर्मियों का ग्रेच्युटी भुगतान जल्द कराया जाएगा।
- प्रशासनिक कार्यालयों में तैनात सहायक, प्रधान लिपिक, कार्यालय अधीक्षक के पदनाम ग्रेड पे उच्चीकृत के संबंध में प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर शासन को भेजा जाएगा।
- तकनीकी संवर्ग के कर्मियों के आकस्मिक दुर्घटना में मृत्यु होने पर एक लाख दुर्घटना बीमा का प्रस्ताव आगामी निदेशक मंडल की बैठक में रखा जाएगा।
- ढांचा पुनर्गठन जल्द स्वीकृत कराने के लिए शासन से अनुरोध किया जाएगा।
- लंबित देयकों के भुगतान के लिए आगामी बजट में प्रावधान किया जाएगा।
....................
एक जनवरी से यह मिलेगा मानदेय
एक जनवरी से पूर्व मैदानी क्षेत्र के चालकों के लिए 1.82 और परिचालकों के लिए 1.55 रुपये प्रति किमी मानदेय राशि थी। इसे बढ़ाकर अब चालकों के लिए 2.18 और परिचालकों के लिए 1.88 रुपये प्रति किमी कर दिया है। चालकों के लिए 36 पैसे और परिचालकों के लिए 31 पैसे प्रति किमी वृद्धि हुई है। इसी तरह पर्वतीय रूटों के चालकों के लिए पूर्व में 2.19 और परिचालकों के लिए 1.86 रुपये प्रति किमी था। जिसे बढ़ाकर अब पर्वतीय क्षेत्रों में चालकों के लिए 2.63 और परिचालकों के लिए 2.23 रुपये प्रति किमी कर दिया है। चालकों को 44 पैसे और परिचालकों को 37 पैसे प्रति किमी वृद्धि हुई है। संविदा और विशेष श्रेणी कर्मियों के मानदेय बढ़ोतरी को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद् का मंडलीय प्रबंधक कार्यालय पर धरना चल रहा था। वहीं, उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने भी आंदोलन कर चक्काजाम करने की चेतावनी दी थी। इसके अलावा रोडवेज कर्मचारी इंप्लाइज यूनियन ने भी मुख्यालय पर ज्ञापन सौंप चक्काजाम की चेतावनी दी थी। तीनों संगठनों से अलग-अलग वार्ता के बाद निगम प्रबंधन ने मानदेय में बढ़ोतरी की है।