ट्रक से पत्थर उतार रहे दो मजदूर दबे, मौत
ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में बृहस्पतिवार को ट्रक से पत्थर उतारने के दौरान हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। चौकी प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि एक मजदूर विरेंद्र पंवार (25) पुत्र विजय पंवार निवासी उम्मेदपुर थाना बसंत विहार देहरादून का रहने वाला था। दूसरा मजदूर गुड्डू (30) पुत्र शकूर ढक्कन का मोहल्ला, पूरनपुर पीलीभीत का था।
पुलिस के अनुसार इन दिनों सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई स्थित डिक्शन कंपनी में निर्माण कार्य चल रहा है। कंपनी परिसर में बृहस्पतिवार को पत्थर से लदा एक ट्रक पहुंचा था। शाम करीब 4:30 बजे दोनों मजदूर विरेंद्र पंवार व गुड्डू पत्थर उतारने के लिए ट्रक पर चढ़े थे। इसी दौरान पत्थरों का ढेर भर-भराकर गिर गया और दोनों पत्थरों के बीच में दब गए। मजदूरों को पत्थरों के नीचे दबा देख वहां अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद साथी मजदूरों ने गंभीर रूप से घायल विरेंद्र व गुड्डू को पत्थरों के ढेर से बाहर निकाला और आनन-फानन सेलाकुई स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।