आईएएफएस अधिकारियों ने किया नेचर पार्क का भ्रमण
-- बृहस्पतिवार को 120 प्रशिक्षु अधिकारियों को करवाया जानकारियों से रूबरू
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। भावी आईएफएस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को पाठ्यक्रम के तहत लच्छीवाला नेचर पार्क के बटरफ्लाई और हर्बल पार्क का भ्रमण किया। वनाधिकारियों ने प्रशिक्षु अधिकारियों को विभिन्न जानकारियों से रूबरू कराया। वन अनुसंधान संस्थान से बृहस्पतिवार को 120 प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारियों का दल डोईवाला के लच्छीवाला नेचर पार्क में पहुंचा। नेचर पार्क में प्रशिक्षु अधिकारियों ने बटरफ्लाई पार्क, हर्बल और नेचर पार्क का भ्रमण किया। उप वन प्रभागीय अधिकारी बीबी मर्तोलिया ने बताया कि विश्व में तितली की 1800 प्रजातियों में से 150 बटरफ्लाई पार्क में हैं।
हर्बल गार्डन विकसित करने का मकसद जड़ी बूटियों और अन्य औषधियों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इस दौरान नेचर पार्क में बांस की 27 प्रजातियों की जानकारी दी गई। बताया कि वनों से संबधित जानकारियां होने पर ही वनाधिकारी तैयार हो पाते हैं। लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी घनानंद उनियाल ने बताया कि बटरफ्लाई और हर्बल पार्क आईएफएस प्रशिक्षुओं के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का हिस्सा होने से बृहस्पतिवार को आईएफएस प्रशिक्षु अधिकारियों ने भ्रमण किया।