श्रीनगर। एसएसपी जगतराम जोशी ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने पर अब तक 100 वाहन चालकों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार को श्रीनगर कोतवाली परिसर में एसएसपी जगतराम जोशी ने वाहन स्वामियों व वाहन चालकों को यातायात के नियमों व वाहन फिटनेस पर विशेष ध्यान रखने की नसीहत दी। जोशी ने कहा कि शराब व मोबाइल वाहन दुर्घटना के प्रमुख कारण हैं। अगर इन दोनों पर नियंत्रण हो तो काफी हद तक वाहन दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सकता है। बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने पर अब तक करीब 100 वाहन चालकों का लाइसेंस 6 माह के लिए निरस्त कर दिया गया है। बैठक में ग्राम प्रधान स्वीत जितेंद्र रावत ने लावारिस पशुओं से लगने वाले जाम तथा वाहन से पशुओं के चोटिल होने की बात कही। प्रधान गहड़ राकेश भंडारी ने नगर क्षेत्र के बुघांणी मोटर मार्ग, स्वीत-गहड़ मोटर मार्ग व गंगा दर्शन पर मनचलों एवं प्रेमी जोड़ों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की। बैठक में एसडीएम मायादत्त जोशी, सीओ धनसिंह तोमर, कोतवाल नरेंद्र बिष्ट, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष महावीर बहुगुणा, सभासद अनूप बहुगुणा, बासुदेव कंडारी, जगदीप रावत आदि मौजूद थे।