श्रीनगर। विकास खंड कीर्तिनगर के बडोन गांव में ग्रामीण विगत कई दिनों से अनियमित पेयजल व विद्युत आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे है। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त कर सेवा सुचारु करने की मांग की है।
ग्राम सभा मुसाणगांव के राजस्व ग्राम बड़ोन में विगत कई दिनों से पानी व बिजली की सुचारु आपूर्ति न होने से ग्रामीण खासे परेशान है। ग्राम प्रधान सुंदरमणी पोखरियाल ने बताया कि गांव में अधिकतर समय बिजली गुल रहती है। अगर बिजली आती भी है तो वह भी लो वोल्टेज। कहा कि यही समस्या उनके गांव में पेयजल की है। आए दिन पेयजल योजना से आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। बताया कि आपूर्ति न होने पर ग्रामीणों को पानी के लिए दो किमी दूर प्राकृतिक जल स्त्रोत से पानी ढोना पड़ जाता है। ग्राम प्रधान ने पेयजल निगम व विद्युत विभाग से शीघ्र सेवाओं को सुचारु करने की मांग की है। प्रधान ने आक्रोश व्यक्त कर कहा कि अगर सेवाएं सुचारुनहीं की गई तो विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएाग।
.....................
-योजना कई जगहों पर चोक हो चुकी है। योजना पर आपूर्ति सुचारु करवाने लिए कर्मियों को भेजा गया है। शीघ्र ही योजना पर पेयजल आपूर्ति शुरू करवा दी जाएगी।
सुनील महर अवर अभियंता पेयजल निगम देवप्रयाग।
............
-विद्युत लाइन पर झाड़ी व बेल आदि से फाल्ट आ रहा है, जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। शीघ्र पेड़ों की लॉपिंग करवा दी जाएगी।
सचिन मेवाड़ गुरू अवर अभियंता विद्युत वितरण उप खंड कीर्तिनगर।