ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी।
नगर पालिका कार्यालय के समीप बन रहे बहुउद्देशीय ऑडिटोरियम का मंगलवार को एमडीडीए की टीम ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने और गुणवत्तापरक कार्य करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को एमडीडीए के सहायक अभियंता एसएस रावत के नेतृत्व में एमडीडीए की टीम ने ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने और इंजीनियरों के सुझावों को अमल में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि करीब छह माह पूर्व से यहां निर्माण कार्य चल रहा है। 17.20 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम बनना है। जिसमें दो तल पर पार्किंग स्थल, एक मंजिल में ऑडिटोरियम व एक तल पर गेस्ट हाउस प्रस्तावित है। वर्तमान डिजाइन के अनुसार ऑडिटोरियम मे 550 सीटें ही प्रस्तावित हैं। वहीं गढ़वाली फिल्मों के निर्देशक प्रदीप भंडारी और स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी में शरदोत्सव और विंटरलाइन कार्निवाल जैसे बड़े कार्यक्रम होते है। इसीलिए ऑडिटोरियम में एक हजार से ज्यादा सीट होनी चाहिए। इस संबंध में पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल का कहना है कि 550 की सीटिंग वास्तव में कम है। इसके डिजाइन में सुधार होना चाहिए। इसके लिए एमडीडीए के आला अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एमडीडीए स्ट्रक्चर इंजीनियर सुनीत प्रसाद, टीएस पंवार आदि मौजूद रहे।