रुद्रप्रयाग/गोपेश्वर। सिल्ला गांव के आराध्य देव साणेश्वर महाराज ने मंगलवार को दिवारा यात्रा के तहत तिलवाड़ा क्षेत्र का भ्रमण कर भक्तों की कुशलक्षेम पूछी। भगवान साणेश्वर महाराज की दिवारा यात्रा बसुकेदार क्षेत्र के बाद अब तिलवाड़ा क्षेत्र में पहुंच गई है। कड़ाके की ठंड में भी यात्रा के साथ भक्तजन नंगे पांव चल रहे हैं। तिलवाड़ा में भगवान साणेश्वर महाराज के जागर भी गाए गए।
एसएन भट्ट ने बताया कि छह दिसंबर से भगवान साणेश्वर महाराज की तृतीय चरण की दिवारा यात्रा शुरू हुई थी। यात्रा मठियाणा, सुमाड़ी, शीशों, सिरसोलिया, कंडाली, जैली, मरगांव, जखनोली, टाटा, तैला, कुमड़ी, मुसाढुंग, बुडोली और चाका गांवों का भ्रमण करेगी। गांव-गांव में साणेश्वर महाराज का ग्रामीण फूल-मालाओं से स्वागत कर रहे हैं। ग्रामीण यशवंत सिंह नेगी का कहना है कि साणेश्वर महाराज की डोली ढोल-दमाऊं की थाप पर अद्भुत नृत्य करती है।