देवप्रयाग। नववर्ष की पूर्व संध्या पर नगर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें स्थानीय युवा गायक शाश्वत जे पंडित ने अपने सुरों के जादू से समां बांधा।
शनिवार को नगर पलिका की ओर से रघुनाथ मंदिर में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई। इसमें देवप्रयाग के युवा गायक शाश्वत जे पंडित के अलावा अन्य लोक गायकों ने शानदार प्रस्तुतियां दी।
गढ़वाली गीतों को आधुनिक वाद्य यंत्रों के साथ नए ढंग से प्रस्तुत करने वाले शाश्वत यू ट्यूब में छाए हुए हैं। सिंगापुर, मुंबई सहित अन्य स्थानों में गढ़वाली फ्यूजन गीतों के 100 से ज्यादा स्टेज शो कर चुके शाश्वत को सुनने भारी भीड़ उमड़ी।
टिहरी डूबण लग्यु च बेटा, तिन चिठ्ठी किलै नी भेजी, सरली मेरु जिया लगिगि सहित फुलड़िया और बेडू पाको बारा मासा जैसे गानों को गिटार- पैड के साथ शाश्वत और उसके साथियों ने पेश किया तो पंडाल में मौजूद महिला, बच्चे और बुजुर्ग अपने को नाचने से रोक नहीं पाए।
वहीं वॉइस ऑफ गढ़वाल में स्थान पाने वाले हीरालाल पटवाल, मनोज खत्री, राकेश देशराज और वैष्णवी भट्ट और जयप्रकाश पंत ने भी खूब तालियां बटोरी। संजय राणा, शांतिभूषण, अनूप कुकरेती, अभिषेक बोरा, सैंडी और विशाल ने वाद्य यंत्रों में संगत दी।
नगर पालिका अध्यक्ष शुभांगी कोटियाल, अधिशासी अधिकारी बीएल बिष्ट, डॉ. जीएल भट्ट केके कोटियाल, रमा बल्लभ, आयुष और सुषमा पंडित ने कलाकारों को सम्मानित किया।