श्रीनगर। जीपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीनगर स्मैशर्स ने केदारनाथ घाटी को 17 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। खिताब के लिए उसका मुकाबला चमोली रॉयल्स से होगा।
श्रीनगर स्थित जीआईएंडटीआई मैदान में पहली बार हो रहे रात्रि क्रिकेट मैच में दर्शकों का उत्साह चरम पर है। शनिवार रात श्रीनगर और केदारघाटी की टीम के बीच फाइनल में जाने के लिए संघर्ष हुआ। श्रीनगर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
श्रीनगर ने 20 ओवरों में 145 रनों का स्कोर खड़ा किया। श्रीनगर के बल्लेबाज बाबू लोहार ने 69 और शूरवीर ने 27 रनों की पारी खेली। केदारघाटी की ओर से रज्जी सिंह ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केदारघाटी के शुुरुआती बल्लेबाज श्रीनगर की सधी हुई गेंदबाजी के सामने खुलकर नहीं खेल पाए।
निक्की उनियाल की शानदार बल्लेबाजी ने केदारघाटी की टीम को रोमांचक मुकाबले मेें खड़ा कर दिया, लेकिन 43 रनों पर खेलते हुए निक्की विकेटकीपर को कैच दे बैठे। केदारघाटी 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 128 के स्कोर तक ही पहुंच सकी। 69 रन बनाने और एक विकेट लेने पर बाबू मैन ऑफ द मैच रहे।
धर्मेंद्र चौधरी और लेखराज ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि जयदीप भट्ट ने शानदार कमेंट्री की। इस मौके पर जीपीएल कमेटी के अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली ने कहा कि उनका सपना था कि श्रीनगर में रात्रि मैच आयोजित किए जाएं, लेकिन जिस तरह बड़ी संख्या में लोग मैच देखने मैदान में पहुंच रहे हैं उससे यही लगता है कि यह सभी का सपना था।
इस अवसर पर जीपीएल कमेटी के सचिव कुलवीर उनियाल, नीरज रावत, प्रदीप कुमार, अमित पंवार, पंकज मैंदोली, गौरव उपाध्याय, आनंद गड़िया, प्रदीप रौथाण, संदीप कुमार और अम्मी पंवार मौजूद थे।