जोशीमठ। औली में स्थापित चेयर लिफ्ट तकनीकी खराबी आने से शुक्रवार शाम से बंद हो गई। ऐसे में नए साल के जश्न के लिए यहां पहुंच रहे पर्यटक मायूस हैं। वहीं, चेयर लिफ्ट का अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता शुरू होने से पहले ही खराब होना शासन-प्रशासन की खामियों को उजागर कर रहा है।
औली में जीएमवीएन गेस्ट हाउस से टावर नंबर आठ तक करीब 800 मीटर लंबी चेयर लिफ्ट लगी है। लिफ्ट में 16 चेयर हैं। कुछ दिन पहले ही चेयर लिफ्ट शुरू हुई थी कि 29 दिसंबर की शाम को अचानक लिफ्ट ने काम करना बंद कर दिया। जीएमवीएन के अधिकारी और कर्मचारियों ने लिफ्ट को शुरू करने की बहुत कोशिश की, लेकिन यह नहीं चली। पर्यटक आयुष, दीपिका और राजीव का कहना है कि चेयर लिफ्ट खराब होने के कारण खच्चरों पर बैठकर औली के सौंदर्य का दीदार किया। इधर, रोपवे प्रबंधक दिनेश भट्ट ने कहा कि लिफ्ट के रख-रखाव की जिम्मेदारी एलएंडटी कंपनी के पास है। कंपनी के अधिकारियों को लिफ्ट खराब होने की सूचना दे दी गई है।