थराली। ब्लॉक के जीआईसी लोल्टी में जिलाधिकारी आशीष जोशी की अध्यक्षता में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में सड़क, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, आवास, पेंशन, आपदा आदि से जुड़ी 123 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमेें से लगभग 60 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। डीएम ने अधिकारियों को जनता की समस्याओं को तय समय सीमा में निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य गंगा देवी ने गैरसैंण-विनायक से कस्बीनगर तक 10 किमी मार्ग निर्माण की मांग रखी। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेमबल्लभ ने चेपडू में पिंडर नदी पर हल्के वाहन के लिए झूला पुल से नंदकेशरी-जोला मोटर मार्ग तक 500 मीटर सड़क स्वीकृत करने की मांग रखी। जिला पंचायत सदस्य भावना रावत ने तोकों में दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत विद्युतीकरण करने की मांग की। शिविर में आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की ओर से 65, एलोपैथिक की ओर से 25 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां दी गईं। स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकों की टीम ने 1 दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किया। कृषि विभाग ने 15 लोगों को कृषि यंत्र व रसायन जबकि उद्यान विभाग ने 20 लोगों औद्यानिक औजार, सब्जी बीज, कीटनाशक दवाइयां वितरित कीं। सैनिक कल्याण विभाग ने 5 पूर्व सैनिकों व वीर नारियों का पंजीकरण किया। 25 पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी समस्या का समाधान करते हुए 65 पूर्व सैनिकों के कैंटीन कार्ड के आवेदन लिए गए। इस अवसर पर सीडीओ विनोद गोस्वामी, ग्राम प्रधान भागा देवी, एसडीएम सीएस डोभाल, डीडीओ आनंद सिंह, सीईओ एलएम चमोला और डा. मयंक बडोला आदि मौजूद थे।