राजाजी पार्क की टीम ने पकड़े दो गुलदार
-- एक गुलदार रेंज कार्यालय के पास, तो दूसरा सत्यनारायण में पकड़ा
-- स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद बेरीवाड़ा रेंज के जंगल में छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
रायवाला। राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की मोतीचूर रेंज के वनकर्मियों ने शुक्रवार को दो गुलदार पकड़ लिए, जिसमें एक गुलदार को ट्रैंकुलाइज किया गया। जबकि दूसरा पिंजरे में फंस गया। रेंज अधिकारियों ने बताया कि गुलदारों के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें बेरीवाड़ा रेंज में छोड़ दिया गया। शुक्रवार को मोतीचूर रेंज के दो अलग-अलग बीटों में गुलदार को पकड़ने में राजाजी पार्क प्रशासन को कामयाबी मिली। वन्यजीव प्रतिपालक प्रदीप कुमार ने बताया की आबादी क्षेत्र में गुलदारों की बढ़ती आमद को देखते हुए उन्हें पकड़ने और आदमखोर की पहचान का अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत लगातार कैमरों की मदद से गुलदारों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
बताया कि एक गुलदार को मोतीचूर रेंज कार्यालय के पास ही ट्रैंकुलाइज कर पकड़ा गया। जबकि दूसरा गुलदार सत्यानारायण बीट में पिंजरे में फंस गया। बताया कि पकड़े गए दोनों गुलदारों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उन्हें देर शाम बेरीवाड़ा रेंज में सुरक्षित छोड़ दिया गया है। गौरतलब है कि बीते 19 दिसंबर को नेशनल हाईवे किनारे खांड गांव पुलिया के पास एक अज्ञात युवक को गुलदार ने निवाला बनाया था। वनकर्मियों को सड़क से करीब 50 मीटर जंगल के भीतर उसका शव बरामद हुआ था। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पार्क प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आदमखोर गुलदार को पकड़ने की मांग की थी।
पार्क प्रशासन की ओर से गुलदार को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें शुक्रवार को वनकर्मियों ने दो गुलदारों को पकड़ लिया। हालांकि, यह पुष्टि नहीं हो पाई कि दोनों गुलदारों में से कोई आदमखोर था या नहीं।