ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी
विंटर लाइन कार्निवाल के चौथे दिन नेचर वॉक, सांस्कृतिक प्रस्तुति और फूड फेस्टिवल समेत अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के तत्वाधान में माल रोड पर फूड फेस्टिवल का शुभारंभ विधायक मसूरी गणेश जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बॉलीवुड अभिनेता विक्टर बनर्जी रहे। सोनिया आनंद रावत ने लोकगीत और फिल्मी गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं, वुमनिया बैंड की प्रस्तुति पर लोग झूम उठे।
मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल में बृहस्पतिवार को मसूरी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में सुबह सात बजे नेचर वॉक, सांस्कृतिक प्रस्तुति, संगीत एवं नृत्य कार्यक्रम, गोपाल भारद्वाज की ओर से मसूरी के 200 वर्ष पुराने चित्रमय इतिहास की प्रदर्शनी, फन गेम्स, फैंसी ड्रेस शो, म्यूजिकल चेयर, फूड फेस्टिवल, भारतीय जन नाट्य संघ की ओर से ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। वहीं, होटल विकास के मैदान में कार्यक्रमों का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और विधायक गणेश जोशी ने किया। वहीं, कवि सम्मेलन में डॉ.अशोक चक्रधर, प्रताप फौजदार, सुरेंद्र दुबे, बलजीत कौर एवं रसिक गुप्ता ने कविता पाठ किया।