हरिद्वार। नए साल के मौके पर राजाजी नेशनल पार्क में वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर पार्क प्रशासन सतर्क हो गया है। शिकारी और तस्कर पार्क के अंदर प्रवेश न कर सकें इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पार्क की तीन रेंजों में अतिरिक्त हथियारबंद कर्मचारियों की तैनाती के साथ कैमरे भी लगाए गए हैं।
नए साल के मौके पर पार्क के अंदर शिकारी और वन तस्कर के अवैध तरीके से प्रवेश कर जाते हैं। इससे वन्य जीवों के शिकार की आशंका बढ़ जाती है। इतना ही नहीं कई बार जश्न मनाने के लिए भी लोग पार्क के अंदर चले जाते हैं। इससे शिकार होने आशंका के साथ वन्य जीवों के विचरण में दखल होता है। इसको देखते हुए पार्क प्रशासन पहले से सतर्क हो गया है। पार्क प्रशासन की ओर से सुरक्षा के एहतियाती कदम उठा लिए गए हैं। चीला और मोतीचूर समेत पार्क के सभी दस रेंजों में हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों के साथ ही कैमरेे से भी शिकारियों पर नजर रखी जा रही है। पार्क निदेशक सनातन ने बताया कि चीला मोतीचूर, मोहंड समेत सभी रेंजों में हथियारों और सर्च लाइटों के साथ सुरक्षा कर्मियो को तैनात किया गया है। सभी मुख्य द्वारों पर चेकिंग की जा रही है। पार्क से सटे गांवों के ग्रामीणों से भी अनुरोध किया गया है कि यदि उन्हें किसी भी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगे तो तत्काल इसकी जानकारी दे। पार्क निदेशक सनातन का कहना है कि सभी वार्डेन और रेंजरों को निर्देशित किया गया है कि वे रात दिन पार्क में गश्त कर हर गतिविधि पर नजर रखें।