कर्णप्रयाग। नगर पालिका गौचर के बसंतपुर के लोगों ने समस्याओं के निराकरण को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया। सुरेशी देवी, महेशी देवी, कमला देवी, बीना देवी, उर्मिला देवी और कबोतरी देवी आदि ने ज्ञापन में कहा कि वर्ष 2013 की आपदा में राजकीय प्राथमिक विद्यालय बसंतपुर का भवन क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसका पुनर्निर्माण आज तक नहंी हो पाया है। तब से 52 छात्र-छात्राएं गांव के समीप स्थित मिलन केंद्र में पढ़ाई कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बसंतपुर में पेयजल किल्लत सहित गांव की निर्धन उर्मिला देवी का भवन वर्ष 2010 में क्षतिग्रस्त हो गया था, लेकिन नगर पालिका प्रशासन की ओर से उनको इंदिरा आवास नहीं दिया गया। उन्होंने एसडीएम से समस्याओं के निराकरण की मांग की है। एसडीएम केएन गोस्वामी ने बताया कि गौचर के बसंतपुर में व्याप्त अव्यवस्थाओं के निराकरण को लेकर शिक्षा, जल संस्थान और नगर पालिका गौचर के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दे दिए गए हैं।