हरिद्वार। मातृसदन के दो संतों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और एक संत की गिरफ्तारी के बाद मातृसदन ने प्रशासनिक अधिकारियों और कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
मंगलवार को परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद ने मातृसदन में पत्रकारवार्ता में कहा कि मातृसदन जिलाधिकारी दीपक रावत, उपजिलाधिकारी मनीष और महामना सेवा संस्था के अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों पर मुकदमा दर्ज कराएंगे। मातृसदन ने कार्यक्रम आयोजकों के उन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया जिसमें ब्रह्मचारी दयानंद पर डीएम को मालवीय सम्मान देने पर देख लेने की चेतावनी दी और अन्य आयोजकों को धमकाया। स्वामी शिवानंद ने डीएम दीपक रावत पर आरोप लगाया कि उन्होंने खनन माफियाओं से साठगांठ कर गंगा में खनन की अनुमति दी है। शिवानंद ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि गिरफ्तार स्वामी आत्मबोधानंद के साथ कुछ पुलिसकर्मियों ने मारपीट की है। यदि यह सही सूचना हुई तो आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे।