कर्णप्रयाग। ब्लॉक के कनखुल मल्ला में आयोजित पांच दिवसीय पांडव लीला के चौथे दिन पांडवों के पश्वाओं ने कर्णप्रयाग संगम तट पर वैदिक मंत्रोच्चारों के साथ स्नान किया और पिंडदान की प्रक्रियाएं की।
सोमवार सुबह पौराणिक पांडव मंदिर में पंडितों और श्रद्धालुओं ने पांडव देवताओं की पूजा की। दोपहर को पांडव देवताओं के जयकारों के साथ सैकड़ों श्रद्धालु और देवी-देवताओं के पश्वा स्नान के लिए कर्णप्रयाग संगम पर आए। आचार्य देवी प्रसाद बरमोला ने वैदिक मंत्रोच्चारों के साथ पांडवों के स्नान और पिंडदान की प्रक्रियाएं की। इसके बाद पांडव देवताओं ने पौराणिक उमा देवी मंदिर में देव नृत्य कर मां उमा को शृंगार सामग्री अर्पित की। इस मौके पर यदुवीर सिंह बिष्ट, अनुसूया बिष्ट, हरेंद्र बिष्ट और रघुनाथ सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पांडवों के दर्शन किया। वहीं किमोली गांव में आयोजित पांडव लीला के छठवें दिन पांडव देवताओं के पश्वाओं ने श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। इस मौके पर ग्राम प्रधान खिलदेव रावत और राकेश नेगी सहित दूर दराज के ग्रामीणों ने पांडव लीला में प्रतिभाग किया।