श्रीनगर। लोनिवि राजमार्ग खंड ने वन विकास निगम को तीन दिन के भीतर सड़क किनारे कटे हुए पेड़ों के तने, टहनी और पत्ते हटाने के लिए कहा है। इधर, वन विकास निगम का कहना है कि कटे हुए तने हटने के बाद सफाई करा दी जाएगी।
इन दिनों ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पेड़ों का कटान व चिरान किया गया है। लंबे समय से पेड़ों के तने व टहनियों को हटाया नहीं गया है। 22 दिसंबर को भारत स्वच्छता अभियान के तहत नगर पालिका परिषद के ब्रांड एंबेसडर डा. बीपी नैथानी ने लोनिवि को पत्र भेजकर सफाई न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। उनका कहना है कि वन विकास निगम ने पेड़ काटकर सड़क किनारे छोड़ दिए हैं। पत्तों व टहनियों से नालियां चोक हो गई हैं। वहीं राहगीरों समेत वाहन चालकों का चलना मुश्किल हो गया है।
नैथानी के पत्र पर कार्रवाई करते हुए लोनिवि एनएच खंड के अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने वन विकास निगम को पत्र भेजा है। उन्होंने निगम को तीन दिन के भीतर सड़क से पेड़ों के अवशेष हटाने के लिए कहा है। वहीं नैथानी ने कार्रवाई न होने पर एक जनवरी से धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
कोट-
तने बड़े होने से मजदूर हटा नहीं पा रहे थे। अब हाइड्रा (तने उठाने के लिए मशीन) मंगा दी गई है। तने हटाने के बाद पत्ते व टहनियां हटा दी जाएंगी। सोहन लाल, प्रभागीय लौंगिग प्रबंधक पौड़ी