पीपलकोटी। बंड मेले के चौथे दिन शनिवार को विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बंड भूमियाल की वंदना के साथ सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत हुई। वहीं छात्रों के गढ़वाली गीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष केके डिमरी ने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ ही छात्र-छात्राओं को रचनात्मक क्रिया कलाप में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने छात्रों को संस्कारवान बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में लोक गायक जगदीश नैथवाल और गायिका मीना बिष्ट ने बंड भूमियाल की वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की। उन्होंने दारू नी प्यौंण मेरा बीर सिंगा..., औंणा छन रे बराती आज..., ऊंची डांड्यूं-कांठ्यूं मां लौगी जांदी कुहैड़ी बरसात मां..., स्याली बंपाली..... गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं, सरस्वती शिशु मंदिर पीपलकोटी के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की। बच्चों ने मेला खोला मां खौला रौलों मां सज धज जांणी होली..., तू सांसू करि मेला मां ओणू कू..., फ्योंलड़िया त्वे देखिक..., बसंत पंचमी मां के दैवो चढोला जौ..., जगदी जोन ह्वेगी मौ..., बांद चमोली की, मीच भलि बांद देवर चमोली की... गीतों की प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय बाटुला के छात्र-छात्राओं के कन्या भ्रूण हत्या पर आधारित गीत नाटिका की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष शंभू प्रसाद सती, अतुल शाह, हरिदर्शन सिंह रावत, बीएल बनवाल, रमेश बंडवाल, हरीश पुरोहित, अयोध्या प्रसाद हटवाल, देवेंद्र नेगी, लीलावती देवी, बलबीर कोहली, राजेंद्र हटवाल, राजकुमारी गैरोला, विजय मलासी, गजेंद्र राणा और सुरेंद्र सिंह नेगी आदि मौजूद थे।
क्रास कंट्री में मनीषा व रोहित ने मारी बाजी
पीपलकोटी। बंड मेले में मेला समिति और पूर्व सैनिक संगठन के संयुक्त तत्वावधान में क्रास कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ अंडर 16 से 24 बालक-बालिका वर्ग में आयोजित की गई। दौड़ मायापुर गेट से सेमलडाला मेला स्थल तक आयोजित हुई। जिसमें रोहित (लुहां)-मनीषा (कम्यार) प्रथम, मंजीत रावत (लुहां)-संगीता (बुडोली, रुद्रप्रयाग) ने द्वितीय और शुभम सिंह (कम्यार)-पल्लवी (लुहां) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर प्रकाश नेगी, ताजबर सिंह, अब्बल सिंह और किशन सिंह आदि मौजूद थे।