गोपेश्वर। घाट विकास के तेफना क्षेत्र में सिंचाई विभाग की लापरवाही से कृषि भूमि बंजर होने लगी है। यहां वर्ष 2013 की आपदा में क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के लिए बनी सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद से विभाग ने नहर का सुधारीकरण नहीं किया।
घाट क्षेत्र के पुणकिला, सिमली, पानीगैर, पवकिला, रागबगठी और गंडासू गांवों के लिए सिंचाई विभाग की ओर से बनाई गई नहर वर्ष 2013 में क्षतिग्रस्त हो गई थी। ग्रामीण चंद्रमणी, रघुवीर सिंह, ओम प्रकाश, कैलाश चंद्र, जयलाल, बिहारी लाल और विजय राम का कहना है कि ग्रामीणों की आर्थिकी का मुख्य आधार कृषि था, लेकिन अब सिंचाई की व्यवस्था न होने से ग्रामीण कृषि से विमुख हो रहे हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों से नहर सुधारीकरण की मांग की लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी है। वहीं सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता जगदीश चंद्र थपलियाल का कहना है ग्वाला गदेरे से गांवों के लिए सिंचाई नहर निर्माण का प्रस्ताव वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजा है। वित्तीय स्वीकृति मिलते ही नहर का निर्माण कार्य कर सिंचाई की सुचारु व्यवस्था कर दी जाएगी।