देवाल। ब्लॉक के ताजपुर में आयोजित तीन दिवसीय अलगनाथ धार्मिक मेले के समापन पर सैकड़ों श्रद्धालु उमड़े और अलगनाथ देवता की पूजा की।
शुक्रवार को ब्रह्मबेला पर पंडितों और श्रद्धालुओं ने अलगनाथ देवता की वैदिक मंत्रोच्चारों के साथ पूजा कर वस्त्र और शृंगार सामग्री अर्पित की। दोपहर को देवताओं के पश्वाओं ने अवतरित होकर गांव के भ्रमण पर गए और पय्यां के पेड़ की टहनियों को एकत्रित कर मंदिर में लाए। यहां पर विधि-विधान से पय्यां के पत्तों को अलगनाथ देवता को अर्पित किया। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख उर्मिला बिष्ट, ग्राम प्रधान गंगी देवी, डीसीबी के निदेशक महावीर बिष्ट, कलम सिंह, खड़क राम, रघुवीर राम, लक्ष्मी दत्त, पुष्कर राम और मेहरबान सिंह सहित कई गांवों के ग्रामीण मौजूद थे।