हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार वीके ने बृहस्पतिवार को रानीपुर कोतवाली का निरीक्षण कर अधीनस्थों के पेंच कसे। एसएसपी ने कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल को निर्देश दिया कि कोतवाली में आने जाने वाले हर व्यक्ति की एंट्री होनी चाहिए, इसके लिए एक आगंतुक रजिस्टर बनाया जाए। फरियादियों का पूरा विवरण दर्ज कर उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए तुरंत कार्य किया जाए।
बैरकों में विशेष तौर पर साफ सफाई के लिए निर्देश दिए गए और कहा कि अधिक से अधिक फोर्स को बैरकों में ही रोका जाए। मुकदमों से जुड़े माल के निस्तारण के लिए एक टीम बनाकर एक माह के भीतर निपटाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि होमगार्ड और पीआरडी जवान के साथ गश्त पिकेट में पुलिसकर्मी का होना अनिवार्य है। महिला वर्ग की समस्याओं के निदान की जिम्मेदारी महिला दारोगा को ही सौंपी जाए। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से शस्त्रों के बारे में भी जानकारी ली। इस अवसर पर एएसपी प्रकाश आर्य भी मौजूद रहे।