हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने डामकोठी के पास यूपी सिंचाई के निर्माणाधीन अतिथिगृह को सील कर दिया। इसके अलावा जगजीतपुर में दो आवासों को नक्शे के विपरीत बनाने पर सील किया गया।
प्राधिकरण के सचिव बंशीधर तिवारी ने बताया कि यूपी सिंचाई विभाग की ओर डामकोठी के पास बिना अनुमति के अतिथिगृह का निर्माण किया जा रहा है। जिसे सील कर दिया गया है। इसके अलावा फुटबाल मैदान जगजीतपुर के पास राज विहार कालोनी में दो निर्माणों को सील किया गया है। दोनों निर्माण एक स्थान पर सटे हुए हैं। एक निर्माण शिप्रा सैनी के नाम से है जिसका प्राधिकरण में आवासीय मानचित्र स्वीकृत हैं, लेकिन ग्राउंड फ्लोर से मानचित्र के विपरीत निर्माण किया जा रहा था। स्वीकृत मानचित्र से एक मंजिल अधिक निर्माण होना पाया गया और आवासीय निर्माण का उपयोग परिवर्तित कर फ्लैट (अपार्टमेंट) में बदला जा रहा था। इसके साथ ही दूसरा निर्माण कमला जौली के नाम से है। जिसका फ्लैट मानचित्र स्वीकृत है, लेकिन जांच करने पर पाया गया कि निर्माणकर्ता ने ग्राउंड फ्लोर से ही स्वीकृत मानचित्र के विपरीत अवैध निर्माण कराया जा रहा है। स्वीकृत मानचित्र के विपरीत एक मंजिल अधिक भी बना ली है। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता विजय माथुर, अवर अभियंता उमापति भट्ट, गिरीश चंद्र भट्ट, राजेंद्र बहुगुणा की टीम ने पुलिस फोर्स के सहयोग से दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया है। दूसरी ओर सचिव बंशीधर तिवारी का कहना है कि शहर मेेेें कई अन्य इलाकों में कई अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।